दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 66 प्रकरणों में जब्त करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया। न्यायालयीन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 8 अगस्त को जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
114 किलो हेरोइन की गई नष्ट
दरअसल नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टैबलेट, 2,772 नशीले कैप्सूल और 837 नग नशीले दवाओं के सीरप शामिल हैं। गांजा, हेरोइन, टैबलेट और कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया। वहीं, नशीले दवाओं के सीरप को नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया की छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग और नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। नष्टीकरण के दौरान पर्यावरण विभाग और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई और सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
कार्रवाई के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी विजय अग्रवाल, एएसपी शोभराज अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, बिक्री और सेवन से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।














