CG News: म्यूल अकाउंट गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 13 बैंक खाताधारक गिरफ्तार; करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जांच

भिलाई। साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपेला और खुर्सीपार थाना क्षेत्र से 13 बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस जांच में करीब 10 लाख रुपये के संदिग्ध साइबर ट्रांजेक्शन सामने आए हैं।

दो से 15 हजार रुपये तक मिलता था कमीशन

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों या उनके एजेंटों को सौंप देते थे। इसके बदले उन्हें 2 हजार से 15 हजार रुपये तक का कमीशन मिलता था। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम को छिपाने और अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था।

जांच के बाद सुपेला थाना क्षेत्र के बंधन बैंक के नौ खाताधारकों और खुर्सीपार थाना क्षेत्र के इंडियन बैंक के चार खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में डी. श्रीनिवास राव, मनीष सिंह मट्टू, जितेंद्र साहू, यश यादव, मयंक पटेल, रोशन सारथी, तुषार कसरे, प्रवीण कुमार, प्रवीण कुशवाहा, अजय बंसोड़, संगीत साहू, उभय यादव और डिलेश मरकाम शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन तथा बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बैंक खातों से करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं। पुलिस अब इन ट्रांजेक्शनों की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।

Tags :

News Likes

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

ब्रेकिंग न्यूज़

ब्रेकिंग न्यूज़

© 2026 – News Likes. All Right Reserved.